वाराणसी में वरुणा नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिजनों का हंगामा और चक्का जाम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के लोहता थाना क्षेत्र के अयोध्यापुर गांव में बुधवार को वरुणा नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और लहरतारा-कोटवा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हैबतपुर गांव निवासी 13 वर्षीय आकाश अपने दोस्तों—दिव्यांशु, पांचू, आदित्य और अंकुश के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव बाहर निकाला गया।
शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि साथ गए दोस्तों ने ही आकाश की हत्या की है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शाम करीब छह बजे अयोध्यापुर तिराहे के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चक्का जाम के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे थानाध्यक्ष की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

