भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के फिर बिगड़े बोल, कहा- प्रियंका के गालों जैसी सड़कें बनवाएंगे

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालिका जी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने एक बार फिर विवादित टिपण्णी की है। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू ने वादा किया था कि बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना दूंगा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं, वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा।’
विधूड़ी के इस बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ऐतराज जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह बदतमीजी सिर्फ इस घटिया आदमी की ही मानसिकता नहीं दिखाती, यह है इसके मालिकों की असलियत। ऊपर से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्कार आपको भाजपा के इन ओछे नेताओं में दिख जाएंगे।’ उधर इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद अपनी सफाई में रमेश बिधूड़ी ने कहा कि कांग्रेस लालू से कहे कि वो हेमा मालिनी से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि मैंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। कांग्रेस को बयान पर ऐतराज है तो पहले लालू यादव से कहे कि वह हेमा मालिनी से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने भी इस तरह का बयान दिया था।
कालकाजी से मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ रमेश बिधूड़ी चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है।

