पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ नाविकों की हड़ताल से नहीं चली नावें, निराश हुए पर्यटक

वाराणसी, जनमुख न्यूज। वाराणसी नाविकों ने आज नावों का संचालन बंद रखा। जिसके चलते बाहर से आए पर्यटक और श्रद्धालु नौका विहार का लुत्फ नहीं उठा सके। सुबह-सुबह नौका विहार के लिए पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी और उन्हेंं नाविकों की हड़ताल के चलते अपनी इच्छाओंं को समेटे बैरंग वापस लौटना पड़ा। बताया जाता है कि जेल में बंद नाविकों की रिहाई की मांग को लेकर नाविकों ने सोमवार को नावों का संचालन ठप कर रखा है। नाविकों ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार उनका उत्पीड़न कर रही है। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि नाविक समाज के १४ लोगों को जेल भेज दिया गया है। जब तक उनकी रिहाई और नाविकों का उत्पीड़न बंद नहीं कर दिया जाता, तब नावों का संचालन बंद रहेगा।
अस्सी से राजघाट के बीच करीब साढ़े तीन हजार नावों का संचालन होता है। पिछले सात वर्ष में नावों की संख्या में दोगूना की बढतरी हुई है। इसमें से करीब आठ सौं से अधिक नावों का पंजीकरण का प्रस्ताव लंबित हैं। नाविकों ने बताया कि नगर निगम नावों का लाइसेंस देने मे देरी कर रहा है।

