राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास के निधन पर

लखनऊ, जनमुख न्यूज। अयोध्या स्थित राम मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सत्येंद्र दास ने बुधवार को ८५ वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। इस महीने की शुरूआत में महंत सत्येंद्र दास को ब्रेन स्ट्रोक के चलते एसजीपीजीआई में भर्ती करवाया गया था। महंत सत्येंद्र दास की हालत तभी से गंभीर बनी हुई थी।
महंत सत्येंद्र दास १९९३ से ही राम मंदिर के मुख्य पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे।
पीजीआई निदेशक डॉक्टर आरके धीमान के मुताबिक, डॉक्टरों निगरानी में लगातार उनका इलाज चल रहा था। ब्रेन स्ट्रोक के अलावा सत्येंद्र दास को कई अन्य बीमारियां भी थीं। काफी प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
राम मंदिर ट्रस्ट ने सत्येंद्र दास के निधन पर शोक जताया है। रामनगरी के मठ मंदिरों में भी शोक की लहर है। राम मंदिर ट्रस्ट ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन की पुष्टि की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय और मंदिर व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों ने मुख्य अर्चक के देहावसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘परम रामभक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद एवं सामाजिक व आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।’

