पोता बना हैवान, दादा-दादी समेत तीन को फावड़े से काट डाला

गोरखपुर, जनमुख न्यूज। जनपद सुबह-सुबह तीन हत्याओं की खबर से सनसनी पैâल गयी। बताया जाता है कि एक पोते ने ही दादा, उनके बड़े भाई और दादी की फावड़े से काटकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झंगहा के कोईरान टोला में कुबेर और साधु मौर्य दो भाई रहते हैं। कुबेर के दो बेटे विजय बहादुर और मेवालाल हैं। विजय बहादुर का २४ साल का बेटा रामदयाल शुक्रवार सुबह ६ बजे सोकर उठा। और उठते ही फावड़ा उठा लिया और चिल्ला-चिल्ला कर भैंस पर हमला करने लगा। दादा कुबेर ने भैंस को मारने पर टोका। जिस पर रामदयाल खेतों की ओर भाग गया। दादा उसके पीछे दौड़े। इसी बीच रामदयाल ने कुबेर पर फावड़े से हमला कर दिया। पीछे से बड़े दादा साधु मौर्य (७५) आए तो उनको भी खेतों में दौड़ाकर मार डाला। इसी बीच दादी (कुबेर की पत्नी) पहुंचीं तो उनको भी खेत में ही दौड़ाकर मार डाला। तीनों की कनपटी पर फावड़ा से हमला किया था, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद रामदयाल की मां कुशमावती बेटे की खौफनाक हरकत देखकर कांप उठीं। उन्हें अंदाजा हो गया कि अगर रुकीं, तो अगला शिकार वही होंगी। वह जान बचाकर गांव में भागीं और गांववालों को इस घटना की जानकारी दी। फिर गांव वालों के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जाता है कि हत्या के बाद आरोपी रामदयाल भागा नहीं बल्कि तीनों शवों को खेत से खींचकर एक जगह पर ले आया। वहीं शवों के पास बैठ गया। गांव वाले भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इतने में पुलिस पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। दौड़ाकर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पड़ोसी ने बताया- दो दिन पहले भी रामदयाल हिंसक हो गया था। हाथ में धारदार हथियार लेकर सड़क जाम किया था। रामदयाल की मां ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका एक्सीडेंट हुआ था, इसके बाद से वह उग्र हो गया था। कोई भी हथियार पाता था तो भांजना शुरू कर देता था।

