वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. गिरिजा व्यास का निधन, गणगौर पूजा के दौरान हादसे में झुलसी थीं

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद में निधन हो गया। वे पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं। जानकारी के अनुसार, गणगौर पूजा के दौरान उनकी चुन्नी में आग लग गई थी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गई थीं। करीब 90 प्रतिशत तक जलने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने जायडस अस्पताल में अंतिम सांस ली।
डॉ. व्यास का पार्थिव शरीर उनके गृह नगर उदयपुर लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।
राजनीति, शिक्षा और समाज सेवा में डॉ. गिरिजा व्यास का अमूल्य योगदान रहा है। वे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी थीं और कई बार लोकसभा सांसद भी रहीं। केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर उल्लेखनीय कार्य किए।
उनके निधन से कांग्रेस समेत पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली सहित अनेक नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा, “डॉ. गिरिजा व्यास का असमय निधन हम सभी के लिए एक गहरा आघात है। शिक्षा, राजनीति और समाज सेवा में उनका योगदान अविस्मरणीय है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें शांति प्रदान करें।”

