पाकिस्तान को मुहंतोड़ जवाब

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय रक्षा बलों ने शुक्रवार सुबह जम्मू शहर पर पाकिस्तान की ओर से किए गए ड्रोन और हथियारों से हमले की एक और कोशिश को नाकाम कर दिया। यह हमला 8 और 9 मई 2025 की मध्य रात्रि को हुआ, जब पाकिस्तान सशस्त्र बलों ने पूरे पश्चिमी सीमा क्षेत्र में ड्रोन और अन्य हथियारों का इस्तेमाल करते हुए कई हमले किए। साथ ही, नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन भी किया गया।
भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत इन सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। सेना ने अपने बयान में कहा कि देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे और किसी भी नापाक मंसूबे को सख्ती से कुचला जाएगा।
इस हमले से कुछ घंटे पहले, गुरुवार शाम को पाकिस्तान ने 1971 के युद्ध के बाद पहली बार जम्मू शहर पर बड़ा हमला करने की कोशिश की। रात 8 बजे से 8.30 बजे के बीच पाकिस्तान द्वारा दागी गई आठ मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया, जबकि कई ड्रोन भी मार गिराए गए। हमले के समय क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति रही, लेकिन किसी भी सैन्य या नागरिक प्रतिष्ठान को नुकसान नहीं पहुंचा।
इसी दौरान, पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू प्रांत की अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी की। इस गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों के एक समूह ने सांबा सेक्टर से सीमा पार करने की कोशिश की, जिसे सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाकाम कर दिया।
बीएसएफ ने शुक्रवार तड़के अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में बताया कि 8 मई की रात करीब 11 बजे सांबा जिले में घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया गया। इस दौरान घुसपैठ कर रहे सात आतंकियों को मार गिराया गया, जो जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं।
भारतीय सेना और सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया से देश एक बड़े खतरे से बच गया। सेना ने दोहराया है कि भारतीय सीमाओं की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

