42 की उम्र में ‘कांटा लगा’ फेम शेफाली जरीवाला का निधन, शोक में मनोरंजन जगत

मुंबई, जनमुख न्यूज़। 2000 के दशक की शुरुआत में पॉपुलर रीमिक्स म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से रातोंरात मशहूर हुईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया है।
शुक्रवार देर रात उन्हें मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
शेफाली को उनके पति पराग त्यागी, जो खुद एक टेलीविजन अभिनेता हैं, तीन अन्य लोगों के साथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया, “जब उन्हें लाया गया तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उनके पति और कुछ साथी उनके साथ थे।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
इस दुखद घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने फिलहाल अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया है और गोपनीयता का हवाला दिया है। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर द्वारा कार्डियक विशेषज्ञ डॉ. विजय लुल्ला से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
मनोरंजन जगत में शोक की लहर
शेफाली जरीवाला के असामयिक निधन से मनोरंजन इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
‘कांटा लगा’ जैसे सुपरहिट गाने से उन्होंने न केवल डांस फ्लोर पर धूम मचाई, बल्कि अपनी अलग पहचान भी बनाई। बाद में वह ‘बिग बॉस 13’ जैसे रियलिटी शो में भी नजर आईं, जहां उनकी ईमानदारी और मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बोलने की शैली को सराहा गया। शेफाली अपने मंच का उपयोग व्यक्तिगत चुनौतियों और मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा के लिए करती थीं। इससे उन्हें बड़ी संख्या में प्रशंसकों और सेलेब्रिटीज की सहानुभूति और सम्मान मिला।
उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है, और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलियों का तांता लगा हुआ है।

