“भारत के बेटे शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक वापसी, स्पेस मिशन से लौटकर रचा इतिहास”

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारत के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष मिशन सकुशल संपन्न हुआ। सोमवार को उनका यान प्रशांत महासागर में सफलतापूर्वक स्प्लैशडाउन हुआ। जैसे ही स्पेसक्राफ्ट ने समुद्र में लैंडिंग की, पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया और हर आंख गर्व और खुशी से नम हो उठी।
शुभांशु शुक्ला ने करीब 20 दिन अंतरिक्ष में, और 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर बिताए। यह मिशन भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक मील का पत्थर बन गया।
शुभांशु के माता-पिता, इस गौरवपूर्ण पल को लाइव देखने के लिए सिटी मॉन्टेसरी स्कूल पहुंचे, जहां वे बेहद भावुक और गर्वित नजर आए। उन्होंने कहा कि वे इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।
शुभांशु और उनके साथियों को लेकर ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट का कैप्सूल कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में उतरा। यह यान सोमवार शाम करीब 4:45 बजे ISS से अनडॉक हुआ था।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे “भारत के अंतरिक्ष सफर में एक स्थायी उपलब्धि” बताया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा— “मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह गगनयान मिशन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।”
शुभांशु शुक्ला की यह सफलता ना सिर्फ एक व्यक्तिगत विजय है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन के भविष्य के लिए भी प्रेरणादायक उपलब्धि है।

