“लोकसभा में गरजे पीएम मोदी: ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को सख्त संदेश, सिंधु जल संधि को बताया ऐतिहासिक भूल”

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को आतंकवाद, पाकिस्तान, सिंधु जल संधि और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” भारत की सुरक्षा नीति की स्पष्ट झलक है और यह आतंकवाद को मिटाने की भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “चर्चा इतनी होनी चाहिए कि दुश्मन दहशत में आ जाए। हम भारत के लिए ही जिएंगे और जरूरत पड़ी तो प्रचंड प्रहार करेंगे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को प्रोत्साहन देगा, भारत की ओर से जवाबी कार्रवाई जारी रहेगी।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने आतंकवाद से लड़ने की जगह उसे राजनीतिक चश्मे से देखा। उन्होंने कहा कि 2001 में संसद पर हमले के बाद एक कांग्रेस नेता ने अफजल गुरु को सम्मान देने की बात कही, और 2008 के मुंबई हमले के दौरान कांग्रेस पाकिस्तान को क्लीन चिट देने में जुटी रही।
प्रधानमंत्री ने “हिंदू आतंकवाद” की थ्योरी गढ़ने का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया और कहा कि यह भारत के गौरव को अपमानित करने की कोशिश थी। उन्होंने कहा कि “2014 से पहले देश में हर कोने में बम जैसी आशंका थी, लेकिन अब सुरक्षा की भावना है।”
सिंधु जल संधि पर तीखा हमला
मोदी ने कहा कि नेहरू जी द्वारा किया गया सिंधु जल समझौता भारत के किसानों के हितों के खिलाफ था। “हमारी नदियों का 80% पानी पाकिस्तान को दे दिया गया। कौन सी समझदारी थी ये?” उन्होंने कहा कि अगर यह गलती नहीं होती, तो आज भारत में कई जल परियोजनाएं संभव होतीं।
उन्होंने कांग्रेस की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि पाकिस्तान जैसे देश को “मोस्ट फेवरेट नेशन” का दर्जा देना, आतंक के पीड़ित देश का अपमान था।
राष्ट्रीय सुरक्षा और भू-भाग संबंधी फैसलों पर भी आलोचना
प्रधानमंत्री ने 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के बाद कांग्रेस की नीतियों पर सवाल खड़े किए। हाजी पीर, अक्साई चीन, और करतारपुर जैसे उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के फैसलों ने भारत को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि अगर तब दूरदर्शिता होती, तो पीओके और करतारपुर आज भारत का हिस्सा होते।
डिफेंस में आत्मनिर्भरता पर फोकस
मोदी ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ केवल नारा नहीं बल्कि ठोस नीति है। उन्होंने बताया कि देश का रक्षा निर्यात 11 सालों में 30 गुना बढ़ा है और अब भारत 100 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात करता है। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य क्षमता और विश्वसनीयता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है।
समापन में पीएम मोदी ने कहा:
“भारत युद्ध का नहीं, बुद्ध का देश है। लेकिन समृद्धि का मार्ग शक्ति से होकर ही गुजरता है। हमें राष्ट्रीय सुरक्षा के हर मोर्चे पर सजग रहना होगा और देशहित को सर्वोपरि रखना होगा।”

