भाजपा सरकार अराजकता की प्रतीक बन चुकी है: अखिलेश यादव

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में अराजकता, लूट और भ्रष्टाचार का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है।
एक प्रेस बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता आज बाढ़, बिजली संकट और खाद की किल्लत जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रही है। किसानों को उनकी फसलों के लिए समय पर खाद नहीं मिल रही है और बाजार में कालाबाजारी और मुनाफाखोरी अपने चरम पर है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, जहां लाखों लोग भोजन, दवा और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार की तरफ से कोई ठोस राहत या मदद नहीं पहुंचाई जा रही है।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को हर वर्ग के साथ धोखा देने वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि नौ वर्षों के शासन में भाजपा ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं और आम नागरिकों की उम्मीदों को तोड़ दिया है।
अखिलेश यादव ने भाजपा द्वारा बिहार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लागू करने के प्रयास पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह संविधान के खिलाफ है और वोट देने के अधिकार को छीनने की साजिश है।
उन्होंने कहा, “भाजपा झूठे दावों और खोखले वादों की सरकार है, जिसने प्रदेश की जनता को संकट और असुरक्षा के गर्त में धकेल दिया है।”

