नेपाल संकट: पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार की कमान

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। नेपाल में जेनरेशन-जी के हिंसक प्रदर्शनों और राजनीतिक अस्थिरता के बीच बड़ा बदलाव हुआ है। शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया और उन्हें शपथ दिलाई। इससे पहले संसद भंग कर दी गई थी।
सुशीला कार्की (जन्म: 7 जून 1952, विराटनगर) नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की थी। सुप्रीम कोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक मामलों की सुनवाई की।
नेपाल हाल ही में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ भड़के प्रदर्शनों से दहल गया। हिंसक झड़पों में अब तक कम से कम 51 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक भारतीय नागरिक और तीन पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, करीब 1,700 लोग घायल हुए, जिनमें से अधिकांश इलाज के बाद घर लौट चुके हैं।
सोमवार को संसद भवन पर धावा बोलने के दौरान पुलिस फायरिंग में 19 छात्रों की मौत के बाद हालात बिगड़ गए थे। इसके दबाव में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे के बाद भी प्रदर्शनकारियों ने संसद, राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री आवास और कई नेताओं के घरों में आगजनी की। शुक्रवार को कई शवों का अंतिम संस्कार पशुपतिनाथ मंदिर के आर्यघाट पर हुआ।

