जन्मदिन पर मायावती का एलान: 2027 में यूपी में पांचवीं बार बसपा सरकार, गठबंधन से दूरी

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। अपने जन्मदिन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकारें बसपा शासनकाल में शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का केवल नाम बदलकर संचालन कर रही हैं। साथ ही आरोप लगाया कि विरोधी दल भ्रम फैलाकर बसपा को कमजोर और तोड़ने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
मायावती ने कांग्रेस, बीजेपी सहित अन्य जातिवादी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां अलग–अलग हथकंडे अपना रही हैं, लेकिन बसपा उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी और उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के कई विधायक उपेक्षा से नाराज होकर एकजुट हुए थे।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बसपा ने हमेशा ब्राह्मण समाज को सम्मान और भागीदारी दी है। ब्राह्मणों को किसी के “चोखा–बाटी” की जरूरत नहीं है। बसपा सरकार ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य समाज सहित सभी वर्गों का पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा कि बसपा ऐसी पार्टी है जिसने सभी जातियों और धर्मों का सम्मान किया है और आगे भी करती रहेगी।
सरकारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा कि कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया गया, जो उनके साथ उपेक्षा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अन्य जातियों के साथ-साथ मुस्लिम समाज के साथ भी लगातार अन्याय हो रहा है। बसपा सरकार के कार्यकाल में कभी दंगा–फसाद नहीं हुआ और यादव समाज सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती ने कहा कि इस बार कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मौजूदा समय में सभी समाज दुखी हैं और बसपा सरकार चाहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार गुमराह न हों। उन्होंने ईवीएम में धांधली और बेइमानी की चर्चाओं तथा एसआईआर को लेकर मिल रही शिकायतों पर चिंता जताते हुए सतर्क रहने की बात कही।
गठबंधन पर साफ रुख रखते हुए मायावती ने कहा कि गठबंधन से बसपा को नुकसान होता है, खासकर अपर कास्ट का वोट जातिवादी पार्टियों को चला जाता है। इसी वजह से सभी पार्टियां बसपा से गठबंधन चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में बसपा सभी चुनाव अकेले लड़ेगी। जब अपर कास्ट का वोट पूरी तरह बसपा को मिलने का भरोसा हो जाएगा, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा, लेकिन इसमें अभी काफी समय लगेगा।

