ब्लैकआउट मॉक ड्रिल सफल, आपात हालात से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर बुधवार शाम ठीक 6 बजे राज्य के सभी जनपदों में ब्लैकआउट मॉक अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक सहित अन्य संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भागीदारी की।
मॉक अभ्यास का उद्देश्य संभावित हवाई हमले अथवा किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को सतर्क करना, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से परखना, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को मजबूत करना रहा।
निर्धारित समय पर सायरन (हाई और लो टोन) बजाकर चेतावनी दी गई। नागरिकों से अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई। पूरे अभ्यास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।
इस मॉक ड्रिल में 11वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीमों ने उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, गोरखपुर और लखनऊ में अन्य विभागों के साथ मिलकर अहम भूमिका निभाई। अभ्यास के बाद एनडीआरएफ टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। आधुनिक उपकरणों और तकनीकों की मदद से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
इस ब्लैकआउट मॉक अभ्यास के माध्यम से एनडीआरएफ ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और उच्च पेशेवर दक्षता का प्रभावी प्रदर्शन किया। साथ ही, यह अभ्यास नागरिकों और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, जागरूकता और विश्वास को मजबूत करने में भी अहम साबित हुआ।

