54 करोड़ की जीएसटी चोरी का पर्दाफाश: अंतर्राज्यीय गिरोह का सरगना पंजाब से गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। फर्जी जीएसटी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के जरिए करीब 54 करोड़ रुपये की राजस्व चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य अभियुक्त जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पूरे ऑपरेशन की निगरानी पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट द्वारा की गई। थाना कैंट में दर्ज मामलों के संबंध में अभियुक्त की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई कागजी और फर्जी फर्में बनाकर बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के जीएसटी पोर्टल पर फर्जी इनवॉयस और रिटर्न दाखिल किए। इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोहा, स्क्रैप जैसे कच्चे माल की आपूर्ति दर्शाकर रजिस्टर्ड कंपनियों को अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ दिलाया जाता था। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा लगभग 54 करोड़ रुपये के जीएसटी राजस्व की चोरी की पुष्टि हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्त जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी कोटला डढेरी, थाना मंडी गोविंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से लैपटॉप, टैबलेट, कई मोबाइल फोन, फर्जी फर्म A/S Works से जुड़े दस्तावेज, पहचान पत्र और बैंकिंग से संबंधित सामग्री बरामद कर विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

