दूसरे की जमीन को अपना बताकर किया सौदा, कब्जे के समय खुला राज; दो आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जनपद के एक प्रॉपर्टी डीलर से गोवा में जमीन दिलाने के नाम पर 16.62 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने दूसरे की जमीन को अपना बताकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्री कर दी और बाद में फरार हो गए।इस मामले में भेलूपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोवा से गिरफ्तारी के बाद दोनों को वाराणसी लाकर रविवार को जेल भेज दिया गया।
दुर्गाकुंड निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनुराग कुशवाहा ने भेलूपुर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ कंस्ट्रक्शन और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं।
इसी दौरान अमित कुमार सिन्हा नामक व्यक्ति ने संपर्क कर गोवा में एक जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। उसने खुद को कनाडा में कारोबारी बताते हुए आर्थिक नुकसान के कारण जमीन बेचने की बात कही।
इसके बाद वाराणसी और गोवा में कई बैठकों के जरिए जमीन का सौदा तय किया गया और होटल में रजिस्ट्री सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं।
पूरी रकम देने के बाद जब पीड़ित जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तो वहां एक महिला ने उस जमीन पर अपना दावा ठोक दिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दूसरे की जमीन दिखाकर फर्जी रजिस्ट्री कर दी थी।जब पीड़ित ने पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—प्रजय प्रसन्ना शिरोडकर (उत्तरी गोवा)अमित कुमार सिन्हा (मूल निवासी देहरादून)के रूप में हुई है। मामले में गोवा निवासी विटोरिया जोस वेल्हो, डॉ. अमित कुमार सिंह और सीए प्रमोद पटेल अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक यह एक सुनियोजित ठगी है, जिसमें फर्जी दस्तावेज तैयार कर बड़े स्तर पर धोखाधड़ी की गई। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं।

