यूपी कॉलेज में छात्रों का अनोखा विरोध, प्राचार्य के इस्तीफे की मांग पर मुंडन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जनपद के Udai Pratap College (यूपी कॉलेज) में प्राचार्य को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को छात्रों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए मुंडन कराया और जोरदार नारेबाजी की।
छात्र मंगलवार से कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे हैं और पिछले 11 दिनों से अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के बाद से ही वे प्राचार्य के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर छात्रों ने बुधवार को बाल मुंडवाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। छात्रों का कहना है कि बार-बार प्रदर्शन और आग्रह के बावजूद उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा और आगे इसे और तेज किया जाएगा।

