स्मार्ट मीटर के विरोध में वाराणसी में कांग्रेस का प्रदर्शन, जबरन थोपने का लगाया आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के खिलाफ वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में सिगरा स्थित अभियंता (वितरण) कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग पर आम जनता के उत्पीड़न का आरोप लगाया।बुधवार को कार्यकर्ता सुबह सिगरा पेट्रोल पंप के पास महान स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर एकत्र हुए। माल्यार्पण और संकल्प के बाद जुलूस निकालते हुए अभियंता कार्यालय पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि प्रदेश में स्मार्ट/प्रीपेड मीटर के नाम पर आम जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उनका आरोप है कि बिना सहमति के पुराने मीटर हटाकर नए मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे गरीब, किसान और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
नेताओं ने यह भी कहा कि इस व्यवस्था में तकनीकी खामियां, गलत बिलिंग और रिचार्ज से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिनका समाधान समय पर नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि जबरन लगाए गए प्रीपेड/स्मार्ट मीटर हटाए जाएं, नई कनेक्शन प्रक्रिया में इसकी अनिवार्यता खत्म की जाए और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। साथ ही वाराणसी की जनता से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, सजीव सिंह, वीरेन्द्र कपूर, अरुण सोनी, गिरीश पाण्डेय, राजीव राम, वकील अंसारी, दिलीप चौबे, देवेन्द्र प्रताप सिंह, रामकेश यादव, घनश्याम सिंह, सुनील राय, असलम खां, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, राज खां, प्रमोद वर्मा, हाजी इस्लाम, मनोज वर्मा, संतोष मौर्य, नरसिंह दास वर्मा, अब्दुल हमीद, राजेन्द्र गुप्ता, आशिष केशरी, रोहित दुबे, आकाश त्रिपाठी, हिमांशु सिंह, अनिल पटेल, आनंद चौबे, शमसाद अहमद, रोहित मौर्य, आशिष पटेल, रोशन श्रीवास्तव, पुलक त्रिपाठी, चक्रवर्ती पटेल, रामजी गुप्ता, विकास पाण्डेय, विशाल तिवारी, शिवाजी मौर्य, लक्ष्मी नारायण यादव, समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

