20 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, जंतर-मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने चिकित्सकीय निगरानी के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की।
सूत्रों के अनुसार, सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। अस्पताल सूत्रों का कहना है कि वह होश में हैं और उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत (वाइटल्स) फिलहाल स्थिर हैं।नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश, चिकित्सकों की सलाह और वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक इलाज के लिए उपयुक्त सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वांगचुक डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
उधर, प्रदर्शन से जुड़े कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक को जबरन वहां से हटाया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथ भी पुलिस ने मारपीट की। इन आरोपों पर पुलिस की ओर से तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक स्थल खाली करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश और चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप की गई तथा इसे सुरक्षित और संयमित तरीके से अंजाम दिया गया। वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।

