जंतर-मंतर घटना के विरोध में वाराणसी के विश्वविद्यालयों में छात्र प्रदर्शन, पुलिस अलर्ट; काशी विद्यापीठ और बीएचयू में बढ़ाई गई सुरक्षा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में वाराणसी में भी छात्र संगठनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में विरोध प्रदर्शन की घोषणा के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। दोनों विश्वविद्यालय परिसरों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सुबह से ही छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और अधिकारियों ने पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, बीएचयू में भी लगातार तीसरे दिन छात्र आंदोलन जारी रहा। परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गतिविधियों पर नजर रखी गई।पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत एनएसयूआई और समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने काशी विद्यापीठ परिसर में मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर जंतर-मंतर की घटना के विरोध में नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य गेट और दीवारों पर चढ़ गए, जिससे पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर निकलने से रोकने के लिए मुख्य प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बावजूद कुछ छात्र गेट फांदकर परिसर में पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनज़र विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। प्रशासन ने कई थानों की पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने अपनी मांगें भी रखीं। समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष आयुष यादव ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, एनएसयूआई के ऋषभ पांडेय ने कहा कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से किया जा रहा है। छात्र नेता सरिता पटेल ने दिल्ली की घटना की निंदा करते हुए सरकार से छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर माफी मांगने की मांग की।फिलहाल विश्वविद्यालय परिसरों में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।


