मोबाइल को लेकर मां की डांट से आहत युवती ने फांसी लगाई, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में गुरुवार को एक 18 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर उसकी मां से कहासुनी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लल्लापुरा में किराये के मकान में रहने वाले हनुमान दास चौरसिया पान दरीबा क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी और बच्चे रहते हैं। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी पूजा (18), जो चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी, के मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को भी इसी बात पर मां-बेटी के बीच बहस हुई। इसके बाद पूजा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पिता ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। जवाब न मिलने पर एक बच्ची की मदद से दरवाजे की कुंडी खोली गई, जहां पूजा फंदे से लटकी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

