वाराणसी में सरकारी अस्पताल का हाल खराब बिना प्लास्टिक सर्जन के हो रहा इलाज

वाराणसी,जनमुख न्यूज। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों का जैसे तैसे इलाज किया जा रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ने का डर बना हुआ है। बुधवार को अमर उजाला की पड़ताल में अस्पताल के वार्ड नंबर तीन में लगे १० एसी में से पांच खराब मिले। वार्ड नंबर दो में बने बर्न वार्ड में भी छह में से तीन एसी नहीं चल रहे हैं। यहीं नहीं भर्ती मरीजों का इलाज बिना प्लास्टिक सर्जन के हो रहा है।इस तरह की स्थिति तब है जब बर्न वार्ड को पूरी तरह से वातानुकूलित किया जाना चाहिए। मंडलीय अस्पताल में अलग-अलग घटनाओं में जलकर आने वाले मरीजों के इलाज के लिए वार्ड नंबर दो और वार्ड नंबर तीन को बर्न वार्ड के रूप में चलाया जा रहा है। इसमें तीन नंबर में १६ जबकि दो नंबर में ८ बेड पर मरीजों के उपचार की व्यवस्था है। दोनों जगहों को मिलाकर इस समय १७ मरीज भर्ती हैं। किसी तरह पंखा चलाकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है।सरकारी अस्पतालों में बीएचयू को छोड़कर केवल मंडलीय अस्पताल में ही बर्न वार्ड है। इस वजह से अन्य सरकारी अस्पतालों से भी यहीं पर मरीजों को रेफर किया जाता है। इसके बाद भी यहां भर्ती मरीजों को जिस तरह की सुविधाएं मिलनी चाहिए। वह नहीं मिल पा रही हैं। सुविधाओं के अभाव में परिजन जैसे तैसे इलाज करवा रहे हैं।

