जलजमाव से परेशान कौशलपुरी कॉलोनी के लोगों का फूटा गुस्सा, चक्काजाम कर जताया विरोध

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सुसुवाही वार्ड-39 की कौशलपुरी कॉलोनी में पिछले करीब 15 दिनों से जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। लोगों ने धरना देते हुए चक्काजाम कर नगर निगम और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ नाराजगी जताई।
अवनीश सिंह जय के नेतृत्व में कॉलोनी के लोगों ने पार्षद सुरेश सिंह पटेल ‘गुड्डू’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सुसुवाही-नासीरपुर होते हुए चितईपुर मार्ग पर बांस-बल्ली लगाकर यातायात रोक दिया।सूचना मिलने पर पार्षद सुरेश पटेल जलकल विभाग का टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उन्हें कॉलोनी में जाने की अनुमति नहीं दी।
नाली सफाई और मरम्मत का आश्वासन पूरा नहीं होने का आरोप
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बारिश शुरू होने से पहले पार्षद ने नालियों की सफाई और मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय रहते काम नहीं कराया गया। इसके चलते बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कों पर पानी जमा हो गया और अब कई घरों में भी पानी घुसने की स्थिति बन गई है।प्रदर्शनकारियों के मुताबिक जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। लंबे समय से जमा पानी और गंदगी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है।
करीब 100 परिवार प्रभावित
लोगों का कहना है कि जलजमाव की समस्या को लेकर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। इससे कॉलोनी के करीब 100 परिवार प्रभावित हैं।प्रदर्शन में अवनीश कुमार सिंह जय, अतुल खरे, अतुल राय, रुद्र सिंह, प्रेम चंद्र चौरसिया, आरएस यादव, संजय तिवारी, सुशील श्रीवास्तव और विनोद यादव सहित अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक जलजमाव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

