पद्मश्री डॉ. टीके लाहिरी से कथित दुर्व्यवहार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बीएचयू पहुंचकर राघवेंद्र चौबे ने जाना हालचाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। बीएचयू के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. टीके लाहिरी के साथ आईसीयू में कथित गाली-गलौज और थप्पड़ मारने की घटना को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे रविवार को बीएचयू पहुंचे और डॉ. लाहिरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
डॉ. टीके लाहिरी के परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती 85 वर्षीय डॉ. लाहिरी के साथ एक एसोसिएट प्रोफेसर ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और उन्हें थप्पड़ मारा। परिजनों के मुताबिक घटना के बाद उनके चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दिए।कांग्रेस का कहना है कि यदि लगाए गए आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। पार्टी ने बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थान में वरिष्ठ चिकित्सकों और मरीजों की सुरक्षा तथा सम्मान को लेकर सवाल उठाए हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि डॉ. टीके लाहिरी बीएचयू के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सक रहे हैं और चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। उन्होंने लंबे समय तक बीएचयू में सेवाएं दीं और हजारों मरीजों का इलाज किया।उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के कारण आईसीयू में भर्ती 85 वर्षीय वरिष्ठ चिकित्सक के साथ यदि कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई है तो यह केवल व्यक्तिगत दुर्व्यवहार का मामला नहीं है, बल्कि चिकित्सा जगत की गरिमा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा गंभीर प्रश्न है।चौबे ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी वरिष्ठ चिकित्सक, मरीज या उनके परिजनों के साथ ऐसी घटना न हो।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में बीएचयू जैसे संस्थान के आईसीयू में पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि काशी की जनता यह जानना चाहती है कि बीएचयू में वरिष्ठ चिकित्सकों और मरीजों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था है। यदि परिजनों के आरोप सही हैं तो आईसीयू जैसी संवेदनशील जगह पर ऐसी घटना कैसे हुई और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मामले का संज्ञान लेने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा- मामले पर नजर रखेगी पार्टी
चौबे ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को वरिष्ठ चिकित्सक की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दे के रूप में देख रही है। यदि डॉ. टीके लाहिरी के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय हुआ है तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पार्टी पूरे मामले पर नजर बनाए रखेगी और जरूरत पड़ने पर बीएचयू प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा।इस दौरान महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा, रोहित दुबे, प्रिंस चौबे और आयुष पटेल मौजूद रहे।

