दाना तूफान को लेकर उड़ीसा और बंगाल हाई अलर्ट पर, 150 ट्रेनें रद्द

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। ओडिशा और पश्चिम बंगाल सरकारों ने चक्रवाती तूफान दाना के खतरे को देखते हुए संवेदनशील इलाकों से नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य तेज कर दिया है। इसके साथ ही दोनों राज्यों में शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। साथ ही तटरक्षक बल को हाईअलर्ट पर रखा गया है। उधर तूफान के चलते रेलवे ने 150 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया है। चक्रवात के 24 की रात या 25 की सुबह पुरी और सागर द्वीप के बीच तट से टकराने की संभावना है। तूफान का असर इससे सटे राज्य बिहार और झारखंड पर भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पुरी से पश्चिम बंगाल के सभी पूर्वी तटीय क्षेत्रों के इस चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका है। ओडिशा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि सभी सुविधाओं से युक्त 250 राहत शिविरों को तैयार किया गया है।
भूवनेश्वर पहुंचे एनडीआरएफ के जवान
7वीं बटालियन एनडीआरएफ भटिंडा के सहायक कमांडेंट पंकज शर्मा के अनुसार एनडीआरएफ की 5 टीमों के कुल 152 जवान भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचे हैं, जिन्हें 5 जिलों में तैनात किया जाएगा। हमारे पास आवश्यक उपकरण हैं।
मौसम विभाग ने इस सप्ताह ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर चक्रवाती तूफान के आने की भविष्यवाणी की है। लैंडफॉल का सटीक स्थान ज्ञात नहीं है, लेकिन आईएमडी ने कहा, “यह सिस्टम 24 अक्टूबर की रात और 25 अक्टूबर की सुबह पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटे हो सकती है। यह एक एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेगा। इसके बाद इसकी गति 120 किमी प्रति घंटे तक सकती है।”

