देहरादून में राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, बोले- पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है

देहरादून, जनमुख न्यूज़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करीब साढ़े चार साल बाद शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। बन्नू कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा संकट बताते हुए केंद्र सरकार और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हैं और इससे लाखों युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की समस्या केवल एक घटना नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की विफलता का परिणाम है। उनके अनुसार, इस मामले में जवाबदेही ऊपर से नीचे तक तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कई परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर देती हैं। राहुल गांधी ने परीक्षा एजेंसियों और कोचिंग माफिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं कराना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि निजी कंपनियों की।
उन्होंने सुरक्षित, पारदर्शी और छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर देते हुए परीक्षाओं में रैंडमाइजेशन लागू करने, विश्वविद्यालयों को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का नुकसान पेपर लीक के कारण हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कई छात्रों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं। एक छात्रा ने बताया कि परीक्षा देने के बाद उसे प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी मिली, जिससे उसकी महीनों की मेहनत बेकार हो गई। वहीं, अन्य छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में देरी, पारदर्शिता की कमी और दोबारा परीक्षा देने की मजबूरी का मुद्दा उठाया।
छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और सीमित रोजगार अवसरों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद भी नौकरी नहीं मिल रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार देरी से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। युवाओं ने सरकार से रोजगार सृजन, कौशल विकास और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
सुसाइड ककरने वाली छात्रा के पिता बोले- ऐसा किसी दूसरे के साथ नहीं होना चाहिए
कार्यक्रम के दौरान अपना दर्द साझा करने आये पेपर लीक के बाद सुसाइड करने वाली छात्रा रिया के पिता राजेश गुरुंग ने बताया कि उनकी बेटी परीक्षा देकर लौटी तो बेहद खुश थी। उसने कहा था कि उसका पेपर बहुत अच्छा हुआ है। घर आकर खाना खाया और सो गई। अगले दिन जब उन्होंने उससे पूछा कि पेपर कैसा हुआ तो वह काफी खुश थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन बाद जब पेपर लीक होने की जानकारी मिली तो रिया पूरी तरह उदास हो गई। उसने कहा-पापा हमारे साथ धोखा हुआ है। राजेश गुरुंग के मुताबिक दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद रिया काफी चिड़चिड़ी हो गई थी। वह कहती थी, हमें परीक्षा केंद्र में जाने के लिए इतनी पाबंदियां झेलनी पड़ती हैं। हमारे टॉप्स तक उतरवा दिए जाते हैं, लेकिन पेपर फिर भी लीक हो जाता है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रोज करीब 10 घंटे पढ़ाई करती थी। पेपर लीक की घटना से वह बेहद नाराज और आहत थी। उन्होंने उसे समझाते हुए कहा था बेटा, टेंशन मत ले। अपनी बात कहते-कहते राजेश गुरुंग मंच पर भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने कहा, जो भी यह प्रणाली है, ऐसा किसी दूसरे के साथ नहीं होना चाहिए। किसी के बच्चे के साथ ऐसा न हो। राहुल जी, आपसे उम्मीद है। उस उम्मीद को बनाए रखिए। राहुल गांधी बोले- पूरा सिस्टम पेपर लीक में शामिल है।

