अयोध्या राम मंदिर परिसर से कश्मीरी युवक हिरासत में, नमाज पढ़ने के प्रयास पर मचा हड़कंप

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में स्थित राम मंदिर परिसर से शनिवार को एक कश्मीरी युवक को सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया है। युवक पर मंदिर परिसर के निकास द्वार के पास नमाज पढ़ने का प्रयास करने का आरोप है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। उसकी पृष्ठभूमि की जांच के लिए कश्मीर पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर के सोपिया निवासी 55 वर्षीय अबू अहमद शेख शनिवार दोपहर गेट डी-वन से राम मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने रामलला के दर्शन किए और दर्शन के बाद निकास द्वार से बाहर निकलते समय दक्षिणी परकोटे के पास रुक गया। वहां उसकी गतिविधियां देख मौजूद श्रद्धालुओं को संदेह हुआ। जब वह फर्श पर बैठकर नमाज पढ़ने की कोशिश करने लगा, तो श्रद्धालुओं ने उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए और युवक की पिटाई करने का प्रयास करने लगे। हालात बिगड़ते देख एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद युवक को पुलिस कंट्रोल रूम ले जाया गया।
कुछ लोगों का दावा है कि युवक ने मंदिर परिसर में इस्लामिक नारे भी लगाए, हालांकि पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस की खुफिया एजेंसियां उससे संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।
सुरक्षा के लिहाज से एसपी सुरक्षा के नेतृत्व में पूरे मंदिर परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद मंदिर परिसर की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

