नशे में हैवानियत: अलीगढ़ में 15 दिन की मासूम की मौत, पिता पर जमीन पर पटकने का आरोप

अलीगढ़, जनमुख न्यूज़। जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कठपुला बर्छी बहादुर दरगाह के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 15 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि नशे की हालत में पिता ने घरेलू झगड़े के दौरान बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान नशे में धुत पिता ने कथित तौर पर अपनी नवजात बच्ची को जमीन पर पटक दिया। बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले भी इलाके में नशेड़ियों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई थी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ नगर प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि 16 जनवरी को कठपुला पुल के पास 15 दिन की बच्ची की मौत की सूचना उसकी मां द्वारा दी गई थी। सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि बच्ची के शरीर पर फिलहाल कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

