जौनपुर के शीतला चौकिया धाम में तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के प्रसिद्ध शीतला चौकिया धाम में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के पास स्थित तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार दीवानगंज पट्टी निवासी कमलदीप कश्यप (16) अपने मित्र अमित कुमार के साथ सोमवार सुबह दर्शन-पूजन के लिए शीतला चौकिया धाम आया था। मंदिर में दर्शन करने से पहले दोनों तालाब में नहाने के लिए उतर गए।
बताया जा रहा है कि तालाब के चारों ओर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी हुई है, लेकिन कमलदीप रेलिंग पार कर गहरे पानी में चला गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह डूबने लगा।साथ में मौजूद अमित कुमार और अन्य लोगों ने उसे डूबते देख शोर मचाया, लेकिन कुछ ही क्षण में किशोर गहरे पानी में समा गया। घटना की जानकारी अमित ने परिजनों को दी।
करीब आधे घंटे बाद चौकिया के स्थानीय युवकों ने खोजबीन कर किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर चौकिया चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी जौनपुर के लिए रवाना हो गए।

