वाराणसी के केदार घाट पर गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित केदार घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक की पहचान आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर का निवासी था। बताया गया कि आयुष अपनी मां, नाना उपेंद्र सिन्हा और नानी के साथ वाराणसी घूमने आया था। परिजनों के अनुसार वह हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा था और परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह आयुष केदार घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर बढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके नाना ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के साथ मिलकर तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में शोक का माहौल है।

