महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो बेचने के आरोप में यूट्यूबर समेत ३ अरेस्ट

प्रयागराज, जनमुख न्यूज। प्रयागराज में करोड़ों लोग आस्था की डुबकी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं और इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। लेकिन कुंभ मेंले में महिलाओं के स्नान करते वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने की खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया, इतना ही नहीं महिलाओं के स्नान करते यह वीडियो सोशल मीडिया पर बोली लगा कर बेचे भी जा रहे थे। मामला सामने आते ही इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी। जिसमें शुरुआती जांच में पुलिस ने ११३ लोगों को चिन्हित किया है। १३ एफआईआर दर्ज की है। और अब कुछ लोगों को अरेस्ट करने में भी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने प्रयागराज के एक यूट्यूबर ने महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो बनाए और यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिए। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने यूट्यूबर सहित ३ लोगों को अरेस्ट किया। जांच के दौरान महिलाओं के आपत्तिजनक फुटेज मिले हैं।
अहमदाबाद साइबर क्राइम डीसीपी लवीना सिन्हा ने बताया- जांच में पता चला कि तीनों ने महाकुंभ में स्नान करती महिलाओं के वीडियो दूसरे चैनलों को भी बेचे थे। महंगे रेट पर वीडियो बेचने का धंधा चला रहे थे।
आरोपियों पर देश के ६०-७० अस्पतालों के सीसीटीवी हैक करने का भी शक है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज के चंद्रप्रकाश फूलचंद, महाराष्ट्र लातूर के प्रज्वल अशोक तेली और महाराष्ट्र के सांगली के प्रज राजेंद्र पाटिल के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो में स्नान के दौरान महिलाएं खुद को तौलिए से ढकती या कपड़े बदलती दिखाई देती हैं। ऐसे वीडियो का उपयोग टीज़र के रूप में किया जा रहा है। रिपोर्टों से पता चलता है कि इन वीडियो तक पहुंच १,९९९ से ३,००० तक की राशि में बेची जा रही थी। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में और भी बहुत से लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।

