अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों को लेकर सेना के विमान ने भारत के लिए भरी उड़ान, ट्रंप ने शुरु की थी कार्रवाई

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज। अवैध अप्रवासियों को वापस उनके देश भेजने के डोनाल्ड ट्रंप के आदेश के बाद अमेरिका से बड़ी संख्या में अवैध अप्रवासियों को निर्वासित किया जा रहा है। जिनमें से अब अमेरिका ने अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को भी निर्वासित करना शुरू कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमेरिकी सेना का एक सी-१७ विमान भारत के लिए रवाना हो चुका है। अभी तक अमेरिका द्वारा दक्षिण अमेरिकी देशों के अवैध अप्रवासियों को निर्वासित किया जा रहा था, लेकिन अब भारत के अवैध अप्रवासियों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है।
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने कहा है कि अमेरिका के एल पासो, टेक्सास और सैन डिएगा, कैलिफोर्निया से पांच हजार से ज्यादा अवैध अप्रवासियों को लेकर जल्द ही सेना के विमान उड़ान भरेंगे। राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद ही डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका से करीब १.१ करोड़ अवैध अप्रवासियों को निर्वासित करने की बात कही थी। पिछले सप्ताह ही अमेरिकी सेना ने लैटिन अमेरिकी देशों में अवैध अप्रवासियों को लेकर छह उड़ानें भरी हैं। हालांकि कोलंबिया ने अमेरिका के विमानों को अपने देश में उतरने की इजाजत नहीं दी थी, लेकिन ट्रंप के सख्त रुख के बाद कोलंबिया ने अपने नागरिकों को लाने के लिए अपने ही विमान भेजे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने लगभग १८,००० भारतीय अप्रवासियों की पहचान की है जो अवैध रूप से अमेरिका में हैं।
ट्रंप अवैध अप्रवासियों पर शिकंजा कसने के लिए सेना का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने मेक्सिको सीमा पर सेना के जवानों की तैनाती की है। वहीं अवैध अप्रवासियों को रखने के लिए सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल किया जा रहा है और सेना के विमानों से ही अवैध अप्रवासियों को निर्वासित किया जा रहा है।

