IPL 2025: रोहित और सूर्या की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी से मुंबई ने चेन्नई को 9 विकेट से रौंदा

मुंबई, जनमुख न्यूज़। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए IPL 2025 के 37वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार बल्लेबाज़ी की बदौलत मुंबई ने 177 रनों का लक्ष्य महज़ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया।
CSK की पारी: जडेजा-दुबे ने पारी को संभाला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत लड़खड़ाती रही। रचिन रवींद्र 5 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौटे। डेब्यू कर रहे आयुष म्हात्रे ने आक्रामक अंदाज़ में 15 गेंदों में 32 रन बनाए। शेख राशिद (19) के आउट होने के बाद पारी थोड़ी धीमी हुई, लेकिन रवींद्र जडेजा (53* रन, 35 गेंद) और शिवम दुबे (50 रन, 32 गेंद) ने 79 रन की साझेदारी कर टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में जडेजा की पारी की बदौलत CSK ने 20 ओवर में 176/5 का स्कोर खड़ा किया।
मुंबई का जवाब: सूर्या-रोहित की चकाचौंध
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को रियान रिकेल्टन (24 रन) और रोहित शर्मा ने तेज़ शुरुआत दी। पहला विकेट 63 रन पर गिरा, लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा ने चेन्नई के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की। सूर्या ने 30 गेंदों में 68* रन बनाए, जबकि रोहित ने 45 गेंदों में 76* रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को 15.4 ओवर में ही जीत दिला दी।
गेंदबाज़ी में चमके बुमराह
मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 2 अहम विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और अश्विनी कुमार को भी एक-एक सफलता मिली।
मुख्य बातें:
रोहित शर्मा: 76* (45 गेंद, 4 चौके, 6 छक्के)
सूर्यकुमार यादव: 68* (30 गेंद, 6 चौके, 5 छक्के)
रवींद्र जडेजा: 53* (35 गेंद)
शिवम दुबे: 50 (32 गेंद)
जसप्रीत बुमराह: 2 विकेट
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ की दौड़ में अपने कदम और मजबूत कर लिए हैं, वहीं चेन्नई को अपनी गेंदबाजी पर फिर से विचार करना होगा।

