सोना-चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड: गोल्ड ₹1,04,792 और सिल्वर ₹1,23,250 पर पहुँची

नई दिल्ली, व्यापार न्यूज़। देश में सोना और चांदी की कीमतें लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सोमवार (1 सितंबर) को दोनों धातुएँ अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुँच गईं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोना ₹2,404 महंगा होकर ₹1,04,792 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि इससे पहले इसका भाव ₹1,02,388 था। वहीं चांदी ₹5,678 बढ़कर ₹1,23,250 प्रति किलो हो गई, जो पहले ₹1,17,572 प्रति किलो थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेजी की प्रमुख वजहें हैं—
अमेरिकी डॉलर की कमजोरी
फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दरों में कटौती
ट्रंप टैरिफ और भू-राजनैतिक तनाव
कारोबारी मानते हैं कि इन परिस्थितियों में निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश मानकर बड़ी खरीदारी कर रहे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट और चीन-रूस जैसे देशों द्वारा भारी सोना खरीदने से भी डिमांड बढ़ी है।
साल भर में भारी उछाल
सोना: 1 जनवरी 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 पर था, जो अब बढ़कर ₹1,04,792 हो गया है। यानी अब तक ₹28,630 की तेजी।
चांदी: इस साल की शुरुआत में चांदी का भाव ₹86,017 प्रति किलो था, जो अब बढ़कर ₹1,23,250 हो गया है। यानी ₹37,233 की बढ़ोतरी।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर मौजूदा हालात बने रहे तो इस साल सोना ₹1,08,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹1,30,000 प्रति किलो तक पहुँच सकती है।

