भिखारीपुर स्थित पोखरे के आसपास फैली गंदगी पर महापौर ने जताई नाराजगी, दिया साफ-सफाई का निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सप्ताहव्यापी महा-अभियान के तहत सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भिखारीपुर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तालाब के समीप सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई व सुंदरीकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने भिखारीपुर स्थित पोखरे के आसपास फैली गंदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों से तालाब का सुंदरीकरण कराने का निर्देश दिया ताकि स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके। क्षेत्र में घर-घर जनसंपर्क के दौरान महापौर ने स्थानीय निवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने 28 अप्रैल को बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए माताओं और बहनों से विशेष अपील की। जनसंपर्क के बीच महापौर ने ककरमत्ता स्थित एक चाय की दुकान पर रुककर चाय का आनंद लिया और आम लोगों से आत्मीय बातचीत कर उनका हाल जाना। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद सुरेश पटेल, श्याम भूषण, अतुल पांडेय, विनीत सिंह, अभय, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह एवं मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

