वाराणसी में एक किलो हेरोइन बरामद, मुंबई की रेव पार्टी के लिए ले जा रहा था तस्कर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लहरतारा चौराहे पर गुरुवार को मंडुवाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से करीब एक किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, झांसी की एंटी नारकोटिक्स टीम को कार के जरिए हेरोइन की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम संदिग्ध वाहन का पीछा कर रही थी। कार के वाराणसी पहुंचने पर मंडुवाडीह पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लहरतारा चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने बताए गए नंबर के आधार पर कार को रोक लिया।कार की तलाशी के दौरान सीट के नीचे अखबारी कागज में लिपटा करीब एक किलो पीले रंग का पाउडर बरामद हुआ, जिसकी जांच में वह हेरोइन पाई गई। कार चला रहे भदोही जिले के गणेशपुर निवासी लक्ष्मी नारायण उपाध्याय (57) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ ही देर में झांसी की एंटी नारकोटिक्स टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नए साल के मौके पर मुंबई में होने वाली रेव पार्टी के लिए हेरोइन लेकर जा रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी करीब आठ माह पहले भदोही कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल भी जा चुका है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

