स्विट्ज़रलैंड में न्यू ईयर जश्न बना मातम, मशहूर स्की रिसॉर्ट के रेस्तरां में आग से कई मौतों की आशंका, 100 से ज्यादा घायल

नई दिल्ली। स्विट्ज़रलैंड में नए साल का जश्न उस समय त्रासदी में बदल गया, जब एक लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट में आग लगने की भीषण घटना सामने आई। हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मृतकों और घायलों के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और मौके पर आपात सेवाओं ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया।
शुरुआत में मीडिया रिपोर्ट्स में धमाके की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में यह स्पष्ट हुआ कि आग रिसॉर्ट के एक रेस्तरां में लगी थी। यह घटना स्विस आल्प्स के बीच स्थित और स्की रिसॉर्ट के लिए मशहूर शहर क्रांस-मोंटाना में हुई। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त रेस्तरां में नए साल का जश्न मनाया जा रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, आग लगने की वजह से भारी अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई विदेशी नागरिकों के भी हताहत होने की आशंका है। सुरक्षा के लिहाज से घटना स्थल को सील कर दिया गया है और रिसॉर्ट के आसपास के इलाकों में भी प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग किसी दुर्घटना की वजह से लगी या इसके पीछे किसी तरह की साजिश है।
क्रांस-मोंटाना पुलिस के प्रवक्ता गैटन लैथियन ने बताया कि आग तड़के करीब 1:30 बजे ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक एक बार में लगी। उस समय इमारत में सौ से ज्यादा लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों की मौत की आशंका है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
प्रभावित परिवारों के लिए एक रिसेप्शन सेंटर और हेल्पलाइन भी शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है, जहां बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

