अमेरिका: उपराष्ट्रपति जेडी वांस के घर पर हमला, खिड़कियां टूटीं, एक संदिग्ध हिरासत में

नई दिल्ली। अमेरिका के सिनसिनाटी शहर में उपराष्ट्रपति जेडी वांस के आवास पर देर रात (स्थानीय समय) हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में घर की कई खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
सीक्रेट सर्विस के एजेंट सोमवार तड़के सिनसिनाटी के ईस्ट वालनट हिल्स इलाके में स्थित वांस के आवास पर पहुंचे। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उसके खिलाफ कोई औपचारिक मामला दर्ज किया गया है या नहीं। स्थानीय टीवी चैनल WCPO के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध को कस्टडी में लेने की पुष्टि की है, लेकिन आगे की जानकारी साझा नहीं की गई है।
फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि घटना के समय उपराष्ट्रपति जेडी वांस घर पर मौजूद थे या नहीं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेंस को शुक्रवार को फ्लोरिडा में देखा गया था, जहां उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वेस्ट पाम बीच स्थित राष्ट्रपति के गोल्फ क्लब में समय बिताया था।
बताया जा रहा है कि इस दौरान वेंस और ट्रंप के बीच वेनेजुएला को लेकर अमेरिकी कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने की संभावित रणनीति पर चर्चा हुई थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों के चलते जेडी वांस ट्रंप और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मार-ए-लागो में सैन्य अभियान का सीधा प्रसारण देखने शामिल नहीं हुए थे।
घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

