सर्राफा बाजार में ऐतिहासिक उछाल: चांदी ₹2.51 लाख प्रति किलो के पार, सोना ₹1.41 लाख के नए शिखर पर

नई दिल्ली, कारोबार न्यूज़। वैश्विक बाजारों से मिल रहे सकारात्मक संकेतों और घरेलू मांग में तेज बढ़ोतरी के चलते मंगलवार को भारतीय सर्राफा बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। दिल्ली के हाजिर बाजार में चांदी ने पहली बार ₹2.51 लाख प्रति किलोग्राम का मनोवैज्ञानिक स्तर पार कर लिया, जबकि सोना भी ₹1,41,500 प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रुख ने कीमती धातुओं की कीमतों को मजबूती दी है।
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के मुताबिक, दिल्ली में चांदी की कीमत में एक ही दिन में ₹7,000 की उछाल दर्ज की गई और यह ₹2,51,000 प्रति किलो (कर सहित) के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुई। यह लगातार तीसरा कारोबारी दिन है जब चांदी में तेजी बनी हुई है। इससे पहले चांदी ₹2,44,000 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
सोने में भी लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना ₹1,100 की बढ़त के साथ ₹1,41,500 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि पिछले सत्र में यह ₹1,40,400 पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मजबूती का रुख बना रहा। फरवरी डिलीवरी के लिए कॉमेक्स गोल्ड फ्यूचर्स 24.9 डॉलर या 0.56 प्रतिशत बढ़कर 4,476.4 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं मार्च डिलीवरी के लिए चांदी के वायदा भाव में लगातार तीसरे दिन तेजी रही और यह 1.79 डॉलर या 2.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने बताया कि वेनेजुएला में राजनीतिक अस्थिरता के चलते सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें 4,450 डॉलर प्रति औंस से ऊपर बनी हुई हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अब निवेशकों की नजर इस सप्ताह के अंत में जारी होने वाले अमेरिकी रोजगार आंकड़ों पर टिकी है, जो फेडरल रिजर्व की आगे की मौद्रिक नीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

