महिला कजली महोत्सव में मेहदीगंज की टीम ने मारी बाजी, अफजलपुर दूसरे और देउरा तीसरे स्थान पर

मिर्जामुराद (वाराणसी), जनमुख न्यूज़। लोक समिति वाराणसी के तत्वावधान में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, नागेपुर के सहयोग से शनिवार को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक के मेहदीगंज गांव की महिलाओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। अफजलपुर की टीम दूसरे और देउरा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
महोत्सव में वाराणसी के विभिन्न गांवों से स्वयं सहायता समूहों की 32 टीमों की करीब 60 गांवों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक कजली गीतों के साथ देशभक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, भ्रष्टाचार और मौजूदा दौर में महिलाओं की स्थिति जैसे सामाजिक मुद्दों को भी गीतों के माध्यम से उठाया। बारिश के मौसम में कजली गीतों से नागेपुर का माहौल पूरी तरह लोक रंग में रंग गया। महिला प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन का उद्देश्य लोक संस्कृति और पारंपरिक कजली को संरक्षित करने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और विचार व्यक्त करने का मंच उपलब्ध कराना रहा।विजेता टीमों को लोक समिति और यूनियन बैंक की ओर से शील्ड सहित विभिन्न पुरस्कार दिए गए, जबकि अन्य प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और नागेपुर शाखा प्रबंधक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि लोक संस्कृति पर आधारित ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं।
यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि आधुनिकता के दौर में पारंपरिक लोक कलाएं धीरे-धीरे विलुप्त हो रही हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने भी आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन अनिता और आशा ने किया। स्वागत सोनी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया। आयोजन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।

