शाहगंज में पुलिस–पशु तस्कर मुठभेड़, एक तस्कर घायल, दो गिरफ्तार, इनामी आरोपी फरार

जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के शाहगंज क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। अयोध्या मार्ग पर चिरैया मोड़ के पास स्थित एक ढाबे के समीप ताखा पुलिया पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक इनामी तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक तस्कर के दाहिने हाथ में गोली लगी।क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल गांव निवासी इस्तेखार (35) पुत्र मुस्ताक और निजामपुर गांव निवासी जय सिंह (27) पुत्र गुड्डू लोना देर रात एक पिकअप वाहन में छह गोवंश लादकर आजमगढ़ से अयोध्या की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ चिरैया मोड़ स्थित रेड एंड ग्रीन ढाबा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।पुलिस को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली इस्तेखार के दाहिने हाथ में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।घायल तस्कर को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक पिकअप वाहन, दो तमंचे, कारतूस, चार जिंदा संरक्षित गोवंश और दो मृत गोवंश बरामद किए हैं।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्कर की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

