पद्म पुरस्कार 2026 का ऐलान: 131 विभूतियों को मिलेगा सम्मान, धर्मेंद्र और वी.एस. अच्युतानंदन को पद्म विभूषण

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को देश के प्रतिष्ठित पद्म सम्मानों से नवाजा जाएगा। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।
इन पुरस्कारों से सम्मानित होने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि विदेशी नागरिकों, अनिवासी भारतीयों (NRI), भारतीय मूल के व्यक्तियों (PIO) और प्रवासी नागरिकों (OCI) की श्रेणी में छह लोगों को सम्मान दिया गया है। इसके अलावा 16 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जाएंगे।
वर्ष 2026 के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित होने वालों में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता वी. एस. अच्युतानंदन तथा दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा लोक कार्यों के क्षेत्र में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश के. टी. थॉमस, कला के क्षेत्र में हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रख्यात गायिका व वायलिन वादक एन. राजम और साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को भी पद्म विभूषण दिया जाएगा।
पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में पार्श्व गायिका अलका याग्निक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मशहूर अभिनेता मम्मूटी, उद्योगपति व बैंकर उदय कोटक और टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज प्रमुख हैं। इसके अलावा विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन और भाजपा नेता वी. के. मल्होत्रा को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म श्री पुरस्कारों की सूची में खेल, कला, शिक्षा और मीडिया जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल हैं। अभिनेता और हास्य कलाकार सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री दिया जाएगा। वहीं क्रिकेटर रोहित शर्मा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया को भी पद्म श्री सम्मान मिलेगा। इसके साथ ही अभिनेता आर. माधवन, प्रोसेनजीत चटर्जी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार और प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति भी पद्म श्री से सम्मानित होंगे।
गौरतलब है कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।

