प्लेबैक सिंगिंग से अरिजीत सिंह का संन्यास

मौजूदा दौर के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में शुमार अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग की दुनिया से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया है। इस फैसले की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी, जिसके बाद फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर कोई हैरान रह गया है।अरिजीत सिंह ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए पोस्ट में लिखा कि वह अब प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम नहीं करेंगे। उन्होंने अपने अब तक के सफर को “एक खूबसूरत और शानदार यात्रा” बताते हुए श्रोताओं का आभार जताया। पोस्ट में अरिजीत ने लिखा, “इतने वर्षों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। अब मैं प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कह रहा हूं। यह सफर मेरे लिए बेहद खास रहा है।”इससे पहले अरिजीत ने अपने निजी एक्स अकाउंट पर भी इस फैसले को लेकर कई पोस्ट किए थे। उन्होंने साफ किया कि वह सिर्फ प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बना रहे हैं, न कि संगीत से। अरिजीत ने कहा, “भगवान मुझ पर हमेशा मेहरबान रहे हैं। मैं एक अच्छे संगीत का प्रशंसक हूं और आगे भी एक स्वतंत्र कलाकार के तौर पर सीखता रहूंगा और काम करता रहूंगा।”अरिजीत सिंह वर्तमान समय में इंडस्ट्री के सबसे बड़े और चहेते गायकों में गिने जाते हैं। उनके रोमांटिक गाने श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं, जिसकी वजह से उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। गायक होने के साथ-साथ वह संगीतकार और म्यूजिक प्रोड्यूसर भी हैं।अरिजीत ने अपने करियर की शुरुआत साल 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी। साल 2011 में फिल्म ‘मर्डर 2’ के गाने ‘फिर मोहब्बत’ से उन्होंने बॉलीवुड में पहचान बनाई। इसके बाद ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘केसरिया’, ‘बिनते दिल’ जैसे कई सुपरहिट और यादगार गानों से उन्होंने संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।अरिजीत सिंह को दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समेत कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वहीं वर्ष 2025 में उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से भी नवाजा गया।

