अजित पवार को भावभीनी श्रद्धांजलि, बारामती में उमड़ा जनसैलाब; तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

बारामती, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह विमान हादसे में निधन हो गया। घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया। आज उनके अंतिम संस्कार का कार्यक्रम बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में समर्थक, अनेक राजनेता और सामान्य लोग शामिल हुए।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे सहित कई शीर्ष नेता मौजूद रहे। हादसे में मृत अजित पवार का शव राजकीय सम्मान के साथ तिरंगे में लपेटकर विद्या प्रतिष्ठान मैदान लाया गया था। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को तिरंगा सौंपा गया, जिसे उनकी पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने नम आंखों से संजोया।
अजित पवार के बेटों पार्थ और जय पवार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले सुनेत्रा पवार मंच पर बिलखते हुए पति को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करती दिखीं। उनके दुःख के क्षण में एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने उनका हाथ थामकर सहारा दिया।
अंतिम संस्कार के दौरान विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हजारों समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
गौरतलब है कि डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान बारामती एयरपोर्ट के निकट लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था, जिसमें उनकी समेत सभी सवारियों की मौत हो गई थी।
अजित पवार महाराष्ट्र के लंबे समय तक सक्रिय राजनीति के चेहरे रहे हैं। उनके आकस्मिक निधन से राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है और बीजेपी-निर्देशित सत्तारुढ़ गठबंधन एवं एनसीपी दोनों में एक खालीपन महसूस किया जा रहा है। साथ ही उनके जाने से एनसीपी के भविष्य को लेकर भी राजनीतिक अनिश्चितता कायम हो गई है।

