टीएमसी में टूट की अटकलों के बीच शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा बयान, बोले- ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ूंगा

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में संभावित अंदरूनी कलह और बगावत की चर्चाओं के बीच पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी और ममता बनर्जी का साथ देना उनका कर्तव्य और नैतिक जिम्मेदारी है।
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा ने आसनसोल और पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें यहां के लोगों से भरपूर प्यार और समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी के आग्रह और विश्वास के चलते ही उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ा था और दोनों बार रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की।
सिन्हा ने कहा कि वह केवल किसी एक वर्ग या पार्टी के लिए नहीं, बल्कि आसनसोल और बंगाल के सभी लोगों के लिए काम करते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 2019 में पटना से चुनाव हारने के बाद उनका समय काफी कठिन था। उस दौर में ममता बनर्जी उन चुनिंदा नेताओं में थीं जिन्होंने उनका समर्थन किया और उन्हें संसद में बने रहने का अवसर दिया।
टीएमसी सांसद ने अपने खिलाफ चल रही अटकलों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें बागी गुट से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा बेबाकी से सच बोलता हूं। अगर सच बोलना बगावत है तो मुझे बागी कहा जा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं पार्टी छोड़ रहा हूं।”
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह दो बार टीएमसी के चुनाव चिन्ह पर जीतकर संसद पहुंचे हैं, इसलिए पार्टी और ममता बनर्जी के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जब उनके मुश्किल दौर में ममता बनर्जी ने उनका साथ दिया था, तो अब उनका भी फर्ज बनता है कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहें। उन्होंने दोहराया कि वह अपनी राजनीतिक और नैतिक जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं और भविष्य में भी पार्टी नेतृत्व के साथ मजबूती से जुड़े रहेंगे।

