भारत सेमीफाइनल में: वेस्टइंडीज पर 5 विकेट से जीत, अब वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत

कोलकाता, स्पोर्ट्स न्यूज़। भारत ने अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब टीम इंडिया का सामना 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा।कोलकाता में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए और भारत के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा।
वेस्टइंडीज की पारी के दौरान भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक सफलता मिली।
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन असली धमाका संजू सैमसन ने किया। उन्होंने 97 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है, जहां अब उसकी नजर इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी।

