पुरी रथ यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति, एक श्रद्धालु की मौत; कई घायल, राहत-बचाव जारी

पुरी (ओडिशा), जनमुख न्यूज़। विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरीचि कुंड चौक के पास रथ खींचने के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बाहरी सुरक्षा घेरा (बैरिकेड) की रस्सी टूटने या कुछ श्रद्धालुओं का संतुलन बिगड़ने से लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। देखते ही देखते दर्जनों लोग भीड़ में दब गए।घटनास्थल पर मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया कि करीब 40 से 50 लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। उन्होंने स्वयं करीब 20 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उनके अनुसार, हादसे में एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि चार से पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य बनाया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों व अस्थायी चिकित्सा शिविरों में भर्ती कराया।सूत्रों के अनुसार, भारी भीड़ और लगातार बारिश के कारण घुटन, चोट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित करीब 200 श्रद्धालुओं को विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।हालांकि, भगदड़ जैसी स्थिति बनने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। उल्लेखनीय है कि जगन्नाथ रथ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

