पश्चिमी विक्षोभ का असर, 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; गर्मी के बीच राहत के आसार

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मौसम में शुक्रवार से एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इनमें प्रमुख जिले हैं—बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, ललितपुर, महोबा और झांसी।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार के बीच करीब 11 जिलों में ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही कई स्थानों पर वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार से शुरू होने वाला यह बदलाव पहले पश्चिमी यूपी में असर दिखाएगा और शनिवार तक पूर्वी यूपी तक पहुंच जाएगा।

