राहुल गांधी का सरकार पर हमला, घायल छात्र को सामने लाकर पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। परीक्षा धांधली और पेपर लीक के विरोध में जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को सियासी माहौल और गरमा गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान उनके साथ प्रदर्शन में घायल छात्र साहिल लोचाब भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने दावा किया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि साहिल लोचाब तिरंगा लेकर प्रदर्शन में शामिल थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई में उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई।साहिल लोचाब दिल्ली के नजफगढ़ के निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र हैं। वह एसएससी दिल्ली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे तथा पेपर लीक के विरोध में आयोजित ‘संसद मार्च’ में शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान घायल होने के बाद उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी एक आंख की रोशनी प्रभावित हुई है।राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि घायल छात्र की स्थिति पुलिस के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों से माफी मांगने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रदर्शन के दौरान कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।
वहीं, दिल्ली पुलिस पहले ही अपने आधिकारिक बयान में प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन या छर्रों के इस्तेमाल से इनकार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं।छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि पूरे मामले को लेकर बहस और तेज हो गई है।

