गोवंश तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 34 पशु मुक्त; मुठभेड़ में घायल बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। मध्यप्रदेश से ट्रक में भरकर पश्चिम बंगाल वध के लिए ले जाए जा रहे 34 गोवंशीय पशुओं को पुलिस ने मुक्त कराया।
इस दौरान दो तस्करों की पहचान हुई, जिनमें से एक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा बाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया पहला आरोपी नौशाद अहमद (37) है, जो प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। दूसरा आरोपी मोबिन अहमद (35), जो कौशांबी का रहने वाला है, शुरुआत में फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान बंदरगाह मार्ग के पास झाड़ियों में छिपे मोबिन ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को तुरंत Banaras Hindu University Trauma Center में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से ट्रक सहित सभी 34 पशुओं को अपने कब्जे में ले लिया है। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई है। थानाध्यक्ष राजकिशोर पांडेय के मुताबिक पुलिस अब इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास कर रही है।

